सुकमा जिले में जगह-जगह गरिमामय ढंग से मनाया गया गणतंत्र दिवस
नक्सली हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों को किया सम्मानित
सुकमा जिले में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया।
जिला मुख्यालय सुकमा के मिनी स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने ध्वजारोहण किया।
मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण एवं सलामी ली गई। उन्होंने शान्ति और प्रेम के प्रतीक सफेद कबूतर और हर्ष व उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। समारोह में टेकाम ने नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम (सामूहिक नृत्य) की प्रस्तुति में प्रथम स्थान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा को, द्वितीय स्थान बालक आश्रम, झापरा और तृतीय स्थान कन्या शासकीय बालिका विद्यालय छिंदगढ़ को मिला।
झांकी प्रदर्शन में प्रथम स्थान शिक्षा विभाग,द्वितीय स्थान पशु चिकित्सा विभाग और तृतीय स्थान पर आदिवासी विभाग को घोषित किया गया। परेड प्रदर्शन सीनियर विंग में प्रथम स्थान बस्तर फाइटर, द्वितीय स्थान छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल तथा तृतीय स्थान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को प्राप्त हुआ।
इसी तरह परेड जूनियर वर्ग में प्रथम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा, द्वितीय आईएमएसटी स्कूल सुकमा और तीसरा स्थान सेजस शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा का रहा।
गणतंत्र दिवस समारोह में जिला पंचायत सुकमा के अध्यक्ष हरीश कवासी, अध्यक्ष नगर पालिका जगन्नाथ साहू, उपाध्यक्ष नगर पालिका श्रीमती आयशा हुसैन, धनीराम बारसे, मनोज देव, सोयम मुक्का, हूँगाराम मरकाम, रामा सोड़ी, अरुण सिंह भदौरिया अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
MJ News Latest & Breaking News Updates In Hindi