छपरा । छपरा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शुक्रवार को नेशनल हाइवे 531 छपरा-सीवान मेन रोड पर कोपा थाने के पास संकट मोचन मंदिर में एक शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इस शादी में शामिल होने आई 4 महिलाओं को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। इसमें से एक महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि 3 अन्य घायल हैं।
ये सभी घायल महिला बलडिहां गांव की बताई गई हैं। कोपा पुलिस ने तीनों घायल महिला को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। सभी संकट मोचन मंदिर में शादी समारोह में आई थीं इस दौरान छपरा की तरफ से आ रहे ट्रक ने इन्हें रौंद दिया। मृतका की पहचान गुलु देवी (48 साल) के रूप में हुई है। जबकि घायल महिलाओं में चिन्ता देवी व 2 कुन्ती देवियां शामिल हैं। सभी महिला लड़की के पक्ष से गीत गाने के लिए आई थीं। घायल तीनों महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। कोपा थाना प्रभारी सुनीता कुमारी ने ट्रक को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि शुक्रवार की शाम को शादी में सम्मिलित होने आई महिलाओं को ट्रक ने रौंद दिया। इस दुर्घटना में 4 महिला घायल हुई थीं। जिसमें एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। टक्कर मारने वाले ट्रक को जब्त कर लिया है।
MJ News Latest & Breaking News Updates In Hindi