झारखंड पुलिस की विशेष टीम ने धनबाद से 25 लाख की इनामी कुख्यात नक्सली जया उर्फ चिंता को गिरफ्तार कर लिया है। वह बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी की सदस्य थी।
वह एक करोड़ के इनामी नक्सली प्रयाग मांझी उर्फ विवेक उर्फ फुचना उर्फ नागो मांझी उर्फ करण उर्फ लेतरा की पत्नी है। नक्सली दंपत्ति धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र के दलुबुढ़ा का मूल निवासी है। पुलिस जया से गुप्त ठिकाने पर पूछताछ कर रही है।
शीला मरांडी की गिरफ्तारी के बाद मिला था चिंता को पद
उससे नक्सलियों के शीर्ष नेताओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारिक सूत्रों के अनुसार माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य प्रशांत बोस उर्फ बूढ़ा व उनकी पत्नी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य शीला मरांडी की गिरफ्तारी के बाद जया उर्फ चिंता को उसका पद मिला था।
वह राज्य में महिला नक्सलियों की शीर्ष नेता है। जया नक्सली संगठन नारी मुक्ति संघ का संचालन कर रही थी। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। गुप्त सूचना मिली कि वह धनबाद में है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उसके विरुद्ध दर्ज मामलों को खंगाल रही है। इसके अलावा उससे उसकी अन्य सहयोगियों, उसके पति प्रयाग सहित अन्य नक्सलियों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
MJ News Latest & Breaking News Updates In Hindi