रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कोंडागांव जिले में सुशासन और जनकल्याण की योजनाओं का प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। जिले के ग्राम बहीगांव निवासी श्री मगनलाल गौर का परिवार भी इस योजना से लाभान्वित होकर आज सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है।
मगनलाल गौर पहले अपने परिवार के साथ एक कच्चे मकान में निवास करते थे। हर वर्ष बरसात के मौसम में उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मकान की खपरैल बार-बार खराब हो जाती थी, जिससे बारिश का पानी घर के अंदर टपकता था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई।
वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनके आवास को स्वीकृति मिली। योजना के तहत उन्हें मकान निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। शासन से मिली इस सहायता राशि के साथ इसमें थोड़ा और राशि मिलाकर उन्होंने अपना पक्का मकान तैयार किया। मगनलाल गौर ने बताया कि पहले जहां बरसात के दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ता था, वहीं अब पक्के मकान में उनका परिवार निश्चिंत होकर जीवन व्यतीत कर रहा है। नए घर ने उनके जीवन में स्थिरता, आत्मविश्वास और सम्मान की भावना को बढ़ाया है। साथ ही मगन लाल के परिवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, उज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और घर में बिजली कनेक्शन भी दिया गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीब परिवारों के लिए एक वरदान है और शासन की इस जनकल्याणकारी पहल से आज कई परिवारों का सुरक्षित आवास का सपना साकार हो रहा है।
MJ News Latest & Breaking News Updates In Hindi