रायपुर: वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने हिंदी दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपरा, भावनाओं और राष्ट्रीय एकता की सशक्त अभिव्यक्ति है। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि हिंदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों और भाषाई विविधताओं के बीच संवाद एवं आपसी जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिंदी साहित्य ने भारतीय समाज को विचार, संवेदना और संस्कारों से समृद्ध किया है तथा स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक जन-जागरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर में हिंदी निरंतर नए आयामों के साथ आगे बढ़ रही है। डिजिटल तकनीक, इंटरनेट और सोशल मीडिया के विस्तार के साथ हिंदी का वैश्विक स्तर पर भी प्रभाव बढ़ रहा है। हमें हिंदी के साथ-साथ देश की सभी भारतीय भाषाओं के संरक्षण, संवर्धन और सम्मान के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने हिंदी दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने तथा अपनी मातृभाषा और भारतीय भाषाओं के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय भाषाओं के समृद्ध विकास के साथ देश की सांस्कृतिक एकता और मजबूत होगी।
MJ News Latest & Breaking News Updates In Hindi