रायपुर: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार 23 सितम्बर को कोण्डागांव नगर के डोंगरीपारा में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मौजूद थे।

कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत 17 सितंबर को जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों ने हिस्सा लेते हुए घरों, चौक-चौराहों एवं गली-मोहल्लों में दीप प्रज्ज्वलित किए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सेवा और समर्पण के ऐतिहासिक 25 वर्ष पूर्ण सफलतापूर्वक किए हैं, जिस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने आगे कहा कि किसान, महिला, गरीब एवं अन्य वर्गों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, जनधन, स्वच्छ भारत, हर घर जल सहित विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और आगे भी नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा।
इस दौरान बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा गरीब कल्याण, किसान, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास, बैंकिंग और पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न सेवा कार्यों एवं गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राही हुए लाभान्वित
कार्यक्रम में श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना सहित 02 हितग्राहियों को 20 – 20 हजार की सहायता राशि, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 03 हितग्राहियों को 20 -20 हजार की सहायता राशि मिली। स्वामित्व योजना अंतर्गत 08 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग से 08 दिव्यांगजनो को मोटराइज्ड ट्राईसिकल, स्वास्थ्य विभाग से 06 बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र और 11 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा 15 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य हेतु 05 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का सम्मान और सक्षम योजना के तहत 02 हितग्राहियों को चेक वितरण किया गया।
MJ News Latest & Breaking News Updates In Hindi