सोते हुए खर्राटे भरने की आदत कई लोगों को होती है। अकसर लोग इस आदत को लेकर ऐतराज भी जताते हैं लेकिन किसी के खर्राटे जानलेवा साबित हो जाएंगे, यह शायद किसी ने ना सोचा हो।
अमेरिका की मोंटगोमरी काउंटी में दो पड़ोसियों में खर्राटे को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना आगे बढ़ा कि एक पड़ोसी ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया और बाद में उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट के मुताबिक 62 साल के रॉबर्ट वैलेस की हत्या के मामले में 55 वर्षीय क्रिस्टोफर केजी को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि क्रिस्टोफर ने वैलेस पर सेना के चाकू से हमला किया था।
वैलेस घायल अवस्था में केजी के घर के पास ही पाए गए थे। वहीं केजी के भी पैर में चोट आई थी। दोनों इलाज के लिए एक ही अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल में ही वैलेस ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि रविवार को शाम के करीब साढ़े 6 बजे दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जांच के मुताबिक दोनों का घर अगल-बगल ही था और एक दीवार जुड़ी हुई थी।
ऐसे में वैलेस को केजी के खर्राटे सुनाई दे रहे थे। उसने खर्राटे लेने पर ऐतराज जताया तो झगड़ा शुरू हो गया। वैलेस ने केजी के घर के बाहर आकर उसकी खिड़की की स्क्रीन उखाड़ दी।
इसके बाद केजी ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस को बाद में खून से लथपथ हालत में वैलेस मिले। पास में ही चाकू पड़ा था। केजी को पुलिस ने हिरालत में ले लिया।
केजी के खिलाफ थर्ड डिग्री मर्डर का केस दर्ज किया गया है। हालांकि कोर्ट ने 10 लाख डॉलर पर केजी को जमानत दे दी। अब अगली सुनवाई 29 जनवरी को होगी।
MJ News Latest & Breaking News Updates In Hindi