रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने आज रायगढ़ जिले के ग्राम रियापाली (घुटकूपाली) में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांवों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करते हुए ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन ग्रामीणों के लिए सामाजिक गतिविधियों, बैठकों और विभिन्न आयोजनों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

श्री चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी अधोसंरचना विकसित करना है, जिससे आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिले और गांवों में सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिले। रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
MJ News Latest & Breaking News Updates In Hindi